न्यायमूर्ति यू. डी. साल्वी एनजीटी के कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। न्यायमूर्ति उमेश दत्तात्रेय साल्वी ने न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार के सेवानिवृत्त होने के एक दिन बाद बुधवार को राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) के कार्यवाहक अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया।

न्यायमूर्ति साल्वी 13 फरवरी, 2018 को सेवानिवृत्त होंगे।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है, “केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के अध्यक्ष के रूप में न्यायमूर्ति उमेश दत्तात्रेय साल्वी, न्यायिक सदस्य, एनजीटी को कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्य करने के लिए अधिकृत किया है, क्योंकि अध्यक्ष पद न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार के 20 दिसंबर, 2017 को सेवानिवृत्त होने के कारण रिक्त हो गया है। साल्वी तब तक इस पद पर बने रहेंगे, जब तक कि इस पद पर नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होती या फिर वह सेवानिवृत्त नहीं होते।”

न्यायमूर्ति साल्वी ने 1977 में एक वकील के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उसके बाद वह 1993 के अगस्त में मुंबई में सिटी सिविल एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के पद पर नियुक्त हुए। न्यायमूर्ति साल्वी 14 फरवरी, 2013 को एनजीटी के न्यायिक सदस्य बने थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493