जीरो (अरुणाचल प्रदेश), 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। तीन बार के एशिया पैसेफिक रैली चैम्पियन गौरव गिल गुरुवार को यहां शुरू हुए एमआरएफ एफएमएससीआई इंडियन रैली चैम्पियनशिप के पांचवें राउंड के माध्यम से इस चैम्पियनशिप में अपना वर्चस्व कायम रखना चाहेंगे। इस राउंड को रैली आफ अरुणाचल नाम दिया गया है।
गिल चिकमंगलूर में आयोजित आईएनआरसी के चौथे राउंड में हिस्सा नहीं ले सके थे। इसका कारण यह था कि इसी समय एपीआरसी का भी आयोजन हो रहा था। गिल हालांकि चौथे राउंड में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद 50 अंकों के साथ सबसे आगे हैं। कारण यह है कि कोयम्बटूर और जयपुर राउंड में उन्होंने जीत हासिल की थी।
गिल को हालांकि अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए आईएनआरसी-3 लीडर डीन मास्कारेनहास और मौजूदा चैम्पियन कर्णा कादूर की चुनौती स्वीकार करनी होगी क्योंकि ये दोनों अब क्रमश 45 और 43 अंकों के साथ गिल के काफी करीब आ चुके हैं।
ऐसे में गिल को जीरो में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। गिल पहली बार रैली आफ अरुणाचल में हिस्सा ले रहे हैं। यहां की सुंदर वादियों और चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गिल पांचवीं हार आईएनआरसी खिताब जीतना चाहेंगे।
एमआरएफ एफएमएससीआई आईएनआरसी 2017 के प्रोमोटर और आरआरपीएम के निदेशक अरिंदम घोष ने कहा, “हम आईएनआरसी में अरुणाचल का स्वागत करते हैं। यहां का माहौल रैली के लिए शानदार है और मुझे यकीन है कि चालक इस मनोरम माहौल का भरपूर लुत्फ लेंगे।”
मोटरस्पोटर्स क्लब आफ अरुणाचल लाकपा शेरिंग ने कहा, “हमारे लिए रैली आफ अरुणाचल का आयोजन एक बड़ा कदम है। मोटरस्पोटर्स पूर्वोत्तर में काफी पसंद किया जाता है और यह यहां तेजी से उभरा है। यह रैली यहां के मोटरस्पोर्ट्स को पसंद करने वाले युवाओं के लिए अच्छा है।”
गिल टीम महेंद्रा एडवेंचर के चालक हैं और उनके साथ रहते हैं उनके लंबे समय के नेवीगेटर मुसा शरीफ। गिल और मुसा को रैली आफ अरुणाचल में 149.70 किलोमीटर की दूरी नापनी है और इसके लिए 72 खास स्टेज और 77.70 लियासन तैयार किए गए हैं।
डीन और उनके साथी चालक श्रुप्था पाडिवल पूरे सीजन में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। इससे पहले के राउंड में इन दोनों ने क्रमश: चौथे, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया था। अपने क्लास में यह जोड़ी आईएनआरसी-3 में अजेय दिखी थी। इसने तीन राउंड जीतकर 75 अंक हासिल किए थे। दूसरे स्थान पर सद्दाम शेख रहे थे, जो सिर्फ 36 अंक हासिल कर सके थे।
एआरकेए मोटरस्पोटर्स के कर्णा और निखिल पाई एक बार फिर चुनौती में शामिल हो चुके हैं। जयपुर में आयोजित राउंड-3 में ये फिनिश नहीं कर सके थे। राउंड-4 में ये गिल की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर पहला स्थान हासिल करने में सफल रहे थे।
dharmpath.com dharmpath