नई दिल्ली, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने मनोरंजन उद्योग में अपनी 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को अपने क्लासिक गीत ‘मुकाबला’ सहित कई गीतों के जरिए यहां समा बांध दिया।
रहमान ने इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपने हिट गीतों से प्रशंसकों का दिल जीत लिया।
इस दौरान उन्होंने 25 दिसंबर के क्रिसमस के मद्देनजर पियानो पर क्रिसमस धुन भी बजाई।
यह कार्यक्रम भारत में चार शहरों का हिस्सा है, जिसमें हैदराबाद, अहमदाबाद और मुंबई शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि तीन घंटे तक चले इस संगीत कार्यक्रम में रंजीत बारोट, नीति मोहन, योनिता गांधी, मोहित चौहान, जावेद अली, शषा तिरुपति, हृदय गट्टानी और हर्षदीप कौर जैसे गायक भी शामिल हुए।
इसमें ‘छइया छइया’, ‘मुस्तफा मुस्तफा’, ‘ओ हमदम सुनियो रे’, ‘तू ही रे’, ‘तेरे बिन’, ‘जन गण मन’, ‘तुम तक’, ‘जिया रे’, ‘उर्वशी’, ‘हम्मा’, ‘मटरगस्ती’ और ‘मसकली’ जैसे गीत प्रस्तुत किए गए।
इस संगीत टूर के प्रमोटर, महा इंटरप्राइजेज के मधुवंती अरुण ने कहा, “आज, हमने ए.आर. के कार्यक्रम को नई दिल्ली में लाकर इतिहास रचा है, और इसके लिए हमें मिले अविश्वसनीय समर्थन के लिए हम शुक्रिया अदा करना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath