कोलकाता, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। कोलकाता के पी.सी. ग्राउंड में रविवार को 101 बंगाली जोड़ों का वैदिक रीति रिवाज के साथ सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ।
यह सामूहिक विवाह समारोह विश्व जागृति मिशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था।
समारोह में वर-वधु के 101 जोड़े अपनी पारम्परिक परिधान में पहुंचे थे। वधुओं ने घाघरा तो दूल्हों ने शेरवानी पहनी हुई थी। समारोह में धार्मिक गुरु सुधांशु महाराज समेत शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
विश्व जागृति मिशन ट्रस्ट कोलकाता के सचिव सुशील गोयनका ने कहा, “समाज के गरीब और पिछड़े वर्ग के जोड़ों के विवाह तथा अन्य खर्चो पर करीब एक करोड़ रुपये का व्यय हुआ है।”
गोयनका ने कहा कि सामूहिक विवाह के लिए जोड़ों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है, जिसके लिए इनके अभिभावकों के संबंधित पंचायतों द्वारा प्रार्थना पत्र के लिए मंजूरी लेनी होती है।
उन्होंने बताया, “ट्रस्ट अब तक पांच सामूहिक विवाह के माध्यम से 500 जोड़ों का विवाह करा चुका है।”
dharmpath.com dharmpath