नई दिल्ली, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में रविवार को मैथिली लोक संगीत और नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। मशहूर पाश्र्वगायक उदित नारायण झा और मिथिलांचल के मशहूर कलाकार कुंज बिहारी मिश्र की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब झुमाया।
अखिल भारतीय मिथिला संघ की स्वर्ण जयंती के अवसर आयोजित समारोह में मिथिलांचल के अन्य मशहूर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिथिला लोककला एवं पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। समारोह में उल्लेखनीय काम करने वाली हस्तियों को मिथिला की विभूतियों के नाम पर स्थापित बाबा साहेब चौधरी, सर गंगानंद, नागार्जुन और भोगेंद्र झा सम्मान से सम्मानित किया गया।
अखिल भारतीय मिथिला संघ के अध्यक्ष विजय चंद्र झा ने कहा, “इस स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन जगदगुरु पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य श्री निश्चलानंद सरस्वती के सानिध्य में किया गया।” उन्होंने बताया कि संस्था ने दिल्ली के साथ-साथ मिथिला तक कला और संस्कृति सहित मैथिली भाषा के विकास को लेकर काफी कार्य किया है।
उन्होंने कहा, “मिथिला क्षेत्र में बड़ी लाइन बनवाने और तेज गति की ट्रेनों को शुरू करवाने का अथक प्रयास लगातार संघ ने किया है। संस्था मिथिला क्षेत्र की कला, साहित्य सहित पुरा-महत्व के स्थलों के संवर्धन और पर्यटन के विकास के लिए भी लगातार प्रयासरत है।”
कार्यक्रम में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, प्रभात झा, संजय झा, महाबल मिश्रा और हुकुमदेव नारायण समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
dharmpath.com dharmpath