तुरिन, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। इटली के क्लब जुवेंतस के स्टार गोलकीपर गियानलुगी बफन का कहना है कि जब वह अपनी राष्ट्रीय टीम या क्लब के लिए खेलते हैं तो उन्हें सैनिक की तरह का अहसास होता है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह 80 की उम्र में भी देश के लिए खेलेंगे।
बफन रूस में होने वाले फीफा विश्व कप 2018 के बाद संन्यास लेने वाले थे, जो उनका छठा विश्व कप होता, लेकिन इटली की टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई।
गोल डॉट कॉम ने रविवार को बफन के हवाले से लिखा है, “मैं नहीं जानता कि इन (संन्यास के) सवालों का कैसे जवाब दूं।”
उन्होंने कहा, “क्या मुझे रुक जाना चाहिए? क्या मुझे नहीं रुकना चाहिए? जब मैं अपने क्लब और देश के लिए खेलता हूं तो मुझे सैनिक जैसा अहसास होता है। हालात की बड़ी तस्वीर हमेशा ही मुझसे अधिक महत्वपूर्ण होती है। मैं इसी तरह अपने काम को देखता हूं।”
इस साल फीफा के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुने गए बफन ने कहा कि वह हो सकता है कि फुटबाल खेलना छोड़ दें, लेकिन अपने देश और क्लब के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं रुकने के करीब हूं, लेकिन मैं फिर भी जुवेंतस और राष्ट्रीय टीम के लिए उपलब्ध रहूंगा।”
उन्होंने कहा, “80 साल की उम्र में भी, अगर अचानक से कोई भी गोलकीपर नहीं होता है तो वह मुझे बुला सकते हैं। मैं कुछ दिनों का अभ्यास करूंगा और मैदान में कूद पड़ूंगा।”
dharmpath.com dharmpath