आईएसएल-4 : एटीके को बेंगलुरू में दिखाना होगा दम

बेंगलुरू, 6 जनवरी (आईएएनएस)। ऐसा लगने लगा था कि दो बार की चैम्पियन एटीके हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में अपनी लय में आने लगा है लेकिन कुछ अनापेक्षित परिणामों ने टेडी शेरिंघम की इस टीम को एक बार फिर अपने प्रदर्शन के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया।

अब रविवार को उसका सामना श्री कांतिरावा स्टेडियम में बेंगलुरू एफसी से होना है और ऐसे में मौजूदा चैम्पियन को तीन अंक हासिल करने के लिए अपना श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।

बीते चार मुकाबलो में एटीके को जीत नहीं मिली है। उसने दो मैच गंवाए हैं और दो मैच ड्रॉ रहे हैं। इस दौरान 360 मिनट के खेल में उसने सिर्फ तीन गोल किए हैं।

दूसरी ओर, बीते पांच मैचों में से बेंगलुरू की टीम सिर्फ एक में हारी है। उसने अधिकतम 15 में से 12 अंक जुटाए हैं और इस दौरान बेंगलुरू की अग्रिमपंक्ति ने कुल 12 गोल किए हैं। हालांकि एटीके टीम यह देख रही होगा कि बेंगलुरू का घर में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और वह घर में दो बार हार चुकी है।

मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एटीके के सहायक कोच बास्तब रॉय ने कहा कि रोबी कीन सहित सभी खिलाड़ी इस अहम मैच के लिए बेंगलुरू पहुंचे हैं। रॉय ने यह भी कहा कि उनकी टीम के पास बेंगलुरू को रोकने के लिए रणनीति है और उसने अभी अंतिम-4 में पहुंचने की उम्मीदें नहीं खोई हैं।

रॉय ने कहा, “इस लीग के बारे में सटीक भविष्यवाणी नहीं किया जा सकता। यह कहना कि हमने उम्मीद खो दिया है, जल्दबाजी होगी। यह तो अंतिम दो या एक मैच में ही निर्धारित हो सकेगा।”

बेंगलुरू की टीम पहली बार आईएसएल में खेल रही है और इस टीम ने इस लीग को ठीक उसी सहजता से लिया है, जैसे एक बत्तख पानी में उतरती है। ऐसे में यह टीम एटीके पर जीत हासिल करते हुए एफसी पुणे सिटी पर दो अंकों की बढ़त के साथ एक बार फिर षीर्ष पर पहुंचना चाहेगी।

कोच एल्बर्ट रोका ने टीम में किसी प्रकार के बदलाव के संकेत नहीं दिए हैं। रोका ने कहा, “हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है। जब टीम अच्छा खेल रही हो तो इसमें बदलाव नहीं करना चाहिए। हमें लेकिन साथ रहते हुए सावधान रहना होगा। हम हर मुकाबले के लिए तैयार हैं।”

बीते दो मैचों में बेंगलुरू ने छह गोल किए हैं और सिर्फ एक गोल खाया है। ये दोनों मैच घर में खेले गए और इससे यह लगता है कि यह टीम सही मायने में इस सीजन की सबसे बेहतरीन टीम के रूप में ढल रही है।

रोका ने कहा, “हम पिछले कुछ मौकों पर अंतिम समय में मैच हारे। यह हमारे लिए अच्छा सबक रहा। हर मैच के बाद हमने अपनी गलतियों को खंगाला। मैंने सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं बल्कि अपनी गलतियों पर भी गौर किया। हमने प्रण लिया कि हम आगे देखेंगे और गलतियों को नहीं दोहराएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493