उप्र : कोहरे से जनजीवन प्रभावित, 12 जनवरी के बाद साफ होगा मौसम

लखनऊ, 9 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में मंगलवार सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मौमस वैज्ञानिकों ने 12 जनवरी के बाद मौसम के साफ होने की संभावना जताई है।

उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार दिन में दोपहर तक कोहरे का असर रहेगा। दोपहर बाद धूप निकलेगी और कोहरे का असर कम होगा। अभी 12 जनवरी तक मौसम का यही रुख बरकरार रहने की उम्मीद है। 12 जनवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम मतापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अतिरिक्त मंगलवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 6़ 5 डिग्री, कानपुर का 5.6 डिग्री, बनारस का पांच डिग्री, इलाहबाद का छह डिग्री और झांसी का 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच कोहरे की वजह से रेल यातायात पर काफी असर पड़ा है। दिल्ली जाने वाली एक दर्जन से अधिक रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, बेगमपुरा एक्सप्रेस, सुहैलदेव एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, नौचंडी एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियां अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493