तमिलनाडु में बस हड़ताल जारी, विरोध प्रदर्शन

चेन्नई, 9 जनवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु के सरकारी बसों के हड़ताली कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को राज्य भर में प्रदर्शन किया। इस तरह यह हड़ताल छठें दिन भी जारी रही, जिससे सेवाएं प्रभावित रहीं।

अधिकारियों ने हड़ताली कर्मचारियों की मांगों को मानने से इनकार कर दिया। कर्मचारी वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों ने राज्य में बस सेवाओं को बहाल रखने के लिए अस्थायी तौर पर बस चालकों की भर्ती जारी रखी।

संघ के नेताओं ने माना कि हड़ताल से लोगों को पोंगल उत्सव से पहले असुविधा हुई है, लेकिन दावा किया कि कामकाजी व मध्य वर्ग ने उनके बंद का समर्थन किया है।

एक बस चालक की पत्नी ने कहा कि कर्मचारियों की मांग जायज है। यह महिला अपने पति व दूसरे कर्मचारियों के साथ विरोध प्रदर्शन कर रही थी।

महिला ने एक निजी टीवी चैनल से कहा, “हम अपने पैसे की मांग कर रहे हैं। मेरे पति लगातार अथक सेवाएं दे रहे हैं और जब वे अपने बकाया राशि मांगते हैं तो यह व्यवहार हो रहा है।”

सरकार का दावा है कि बेड़े की आधी बसें सड़कों पर वापस आ गई हैं, लेकिन यात्रियों का कहना है कि ऐसा नहीं है।

परिवहन मंत्री एम.आर. विजय भास्कर ने पोंगल के लिए विशेष बसों की घोषणा की, लेकिन यात्रियों ने इसे जमीनी हकीकत के उलट बताया।

हड़ताली कर्मचारियों ने मंत्री की काम पर वापस आने की अपील खारिज कर दी।

हड़ताल का मुद्दा तमिलनाडु विधानसभा में भी गूंजा, जहां डीएमके नेता एम.के.स्टालिन ने मुख्यमंत्री से हड़ताली कर्मियों से बात करने का आग्रह किया।

एआईएडीएमके के बागी नेता व निर्दलीय विधायक टी.टी.वी. दिनाकरन ने विधानसभा में पहली बार बोलते हुए सरकार से हड़ताली कर्मियों की समस्याएं सुलझाने का आग्रह किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493