पटना में स्टेडियम का होगा विकास : सुशील मोदी

पटना, 9 जनवरी (आईएएनएस)। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में चार दिवसीय ‘बिहार एकलव्य खेल’ का उद्घाटन करते हुए उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को कहा कि सरकार बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के साथ मोइनुलहक स्टेडियम के विकास के लिए एमओयू साइन करेगी।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद 16 साल के बाद अब बिहार की क्रिकेट टीम भी रणजी क्रिकेट में भाग ले सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के विकास के प्रति कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि पुलिस की भर्ती में भी खिलाड़ियों को एक प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “सरकार मोइनुलहक स्टेडियम को विकसित करने के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के साथ समझौता करेगी। इस स्टेडियम में बिहार के लड़के उच्चस्तरीय क्रिकेट का प्रशिक्षण लें सकेंगे।”

मोदी ने कहा कि बिहार में 22 एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर 370 बच्चे प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। अगले साल 17 और एकलव्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र खोलकर 1000 बच्चों को नामांकित करने का सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों के खाने की राशि प्रतिदिन 100 रुपये से बढ़ाकर 225 रुपये, साल में एक बार की जगह दो बार खेल किट और ड्रेस (पोशाक) के साथ ही प्रशिक्षकों के मानदेय को 8000 रुपये से बढ़ा कर 30 हजार रुपये कर दिया गया है।

मोदी ने कहा कि राजगीर में भी 633 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स काम्पलेक्स सह स्टेडियम के निर्माण के लिए 90 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है। सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा और प्रोत्साहित करने के लिए सदैव तत्पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493