मडगांव (गोवा), 10 जनवरी (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में गुरुवार को एफसी गोवा को जमशेदपुर की मेजबानी करनी है। यह मैच जमशेदपुर के मजबूत डिफेंस और गोवा की मजबूत आक्रमण पंक्ति के बीच का मुकाबला माना जा रहा है।
गोवा ने फुटबाल लीग में अभी तक हर टीम के खिलाफ गोल किए हैं। वहीं जमशेदपुर ने बड़ी से बड़ी टीम को रोके रखा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा की दोनों टीमें किस तरह से एक दूसरे की ताकत को कमजोर कर पाती हैं।
यह दो ऐसी टीमों का मुकाबला है जिसमें एक ने लीग के इस सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा गोल किए हैं और एक ऐसी टीम है जिसने सबसे कम गोल खाए हैं।
यह दो टीमें एफसी गोवा और जमशेदपुर एफसी हैं। गोवा ने प्रति मैच औसतन 2.5 गोल किए हैं। उसने आठ मैचों में अभी तक कुल 20 गोल किए हैं। जमशेदपुर ने इतने ही मैचों में सिर्फ चार गोल खाए हैं। गोवा को अपने घर में जमशेदपुर की मेजबानी करनी है और मेहमान टीम के कोच स्टीव कोपेल ने इसे कागजों पर आक्रमण पंक्ति और रक्षापंक्ति की लड़ाई बताया है।
मैच से पहले मैनचेस्टर युनाइटेड के इस पूर्व खिलाड़ी ने कहा, “लग रहा है कि यह अच्छा मुकाबला होगा। हमारी रक्षापंक्ति की उस टीम के सामने परीक्षा है जो अभी तक काफी आक्रामक रही है। उन्होंने कई टीमों के खिलाफ कई गोल किए हैं। उन्हें रोकना हमारे लिए चुनौती है। हम यहां सिर्फ उन्हें रोकने नहीं आए हैं बल्कि उनकी रक्षापंक्ति की कमियों को भी सामने लाने आए हैं।”
कोपेल का कहना है कि उनकी टीम का ख्वाहिश आकर्षित करने वाला फुटबाल खेलने की है।
उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश 0-0 या 1-0 से मैच समाप्त करने की नहीं है बल्कि हम और बेहतर फुटबाल खेलना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि पिछले मैच में मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ दो गोल खाने के बाद उनका डिफेंस और मजबूती से काम करेगा।
गोवा ने हालांकि अपने पिछले तीन मैचों में जीत हासिल नहीं की है। ऐसा माना जा रहा है कि इसका कारण खिलाड़ियों को रोटेट करने की प्रक्रिया है। हालांकि कोच सर्जियो लोबेरो का मानना है कि इसका कारण हितों का बचाव नहीं है बल्कि वह खिलाड़ियों को परिणाम से ऊपर रख रहे हैं। उन्होंने इस बात को भी साफ किया कि आई-लीग की मौजूदा विजेता आईजोल एफसी से आए ललमुअनकिमा, जो निशुल्क अनुबंध के जरिए क्लब में आए हैं, चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
लोबेरा ने कहा कि उनकी टीम उसी तरह की फुटबाल खेलेगी जिस तरह की खेलती आई है।
उन्होंने कहा, “मैंने लीग में अभी तक हर मैच देखा है और मैं नहीं समझता की टीमें हमारे खिलाफ कुछ अलग खेल खेल रही हैं। अगले कुछ मैच बता देंगे कि हम प्लेऑफ में जाने के काबिल हैं या नहीं। कल (गुरुवार) के मैच को लेकर हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देने की जरूरत है, वो भी उस टीम के खिलाफ जिसने पांच क्लीनशीट हासिल किए हैं और सिर्फ चार गोल खाए हैं।”
dharmpath.com dharmpath