उप्र : स्कूल प्रबंधक के बेटे का शव मिला, हत्या का शक

परिजनों ने बेटे की मफलर से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं लोग इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बता रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से मामले की जानकारी ली।

जानकारी के मुताबिक आलापुर थाना क्षेत्र के लखनीपट्टी गांव निवासी सत्यराम प्रजापति सतरही ढोलबजवा स्थित रजवंता देवी इंटर कालेज के प्रबन्धक हैं। उनका 16 वर्षीय बेटा दिनेश कुमार प्रजापति 12वीं का छात्र है। बताते हैं कि गुरुवार शाम वह किसी का फोन आने पर जल्दी वापस आने की बात कह कर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा, जिससे परिजन खोजबीन में जुटे रहे।

बताते हैं कि शुक्रवार सुबह सत्यराम ने उसका शव स्कूल के पास स्थित नहर की माइनर के पास पड़ा देखा। मामले की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक संतोष गौड़, थानाध्यक्ष रामअवतार एवं सीओ के के मिश्रा मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुटे।

परिजनों ने छात्र की मफलर से गला दबाकर सुनियोजित ढंग से हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र, आलापुर क्षेत्राधिकारी केके मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी ली।

एसपी मिश्र ने थानाध्यक्ष रामअवतार एवं सीओ केके मिश्र को जल्द ही मामले के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के पिता सत्यराम प्रजापति की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीकृत कर लिया है। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है, दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493