पहले कभी नहीं हुई देश की इतनी बदनामी : सपा

चौधरी ने कहा कि कोई दिन ऐसा नहीं जाता, जब उत्तर प्रदेश के किसी न किसी जनपद में महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म, अपहरण और हत्या की घटनाएं न घटती हों।

उन्होंने कहा, “हालात तो अब इतने खराब हो गए हैं कि अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने महिलाओं के प्रति भारत में आपराधिक मामलों पर चिंता जताते हुए अपने देश की महिलाओं को भारत यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने को कहा है। भाजपा के लिए इससे बड़ी शर्म की बात और क्या होगी। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की इतनी बदनामी पहले कभी नहीं हुई।”

चौधरी ने आईपीएन से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आते ही कानून व्यवस्था बुरी तरह ध्वस्त हुई है। अपराधी बेखौफ हैं और प्रशासनतंत्र पंगु बना हुआ है। लोग दहशत में जी रहे हैं। दिन-दहाड़े अपहरण, लूट और हत्याएं हो रही हैं।

सपा नेता ने कहा कि मेरठ, बुलंदशहर, नोएडा, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, फतेहपुर, कन्नौज, बदायूं और लखनऊ जनपदों में एक हफ्ते के अंदर ऐसी तमाम घटनाएं हुई हैं। किशोरियों और बच्चियों के साथ दुष्कर्म और उनकी हत्याएं तक हुई हैं। शामली जनपद में एक किशोरी को कॉलेज से घर लौटते समय दबंगों ने पीट-पीटकर मार डाला।

चौधरी ने कहा कि कई घटनाओं में तो पुलिस सुरक्षा प्रदान करने के बजाय स्वयं ही अपराध में शामिल पाई जाती है। अब तो हालात इतने खराब हो गए हैं कि छात्राएं स्कूल-कॉलेज में पढ़ने जाते हुए डरती हैं। योगी राज में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण के बाहर हो चली है।

सपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। लड़कियों से छेड़खानी के मामले में 9 महीनों में ही 2 लाख 21 हजार शिकायतें 1090 वुमेन पावर लाइन में दर्ज की गई हैं। बरेली में महिला खिलाड़ियों के साथ दुष्कर्म की शिकायतें आई हैं।

चौधरी ने कहा कि यह स्थिति बेहद शर्मनाक है कि महिला पुलिसकर्मी भी अब अपमानित होने से नहीं बच पा रही हैं। शोहदों का आतंक उन पर भी है। अराजकतत्व खुलेआम किशोरियों को अपनी गाड़ियों में घसीटकर अगवा कर रहे हैं और पुलिस उन पर अंकुश लगाने में नाकाम रही। भाजपा सरकार यह सब देखते हुए भी संवेदनहीन बनी हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493