सुखोई-30 में उड़ान भर चुके भारतीय राजनेताओं की सूची

नई दिल्ली, 17 जनवरी (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन बुधवार को एसयू-30 में उड़ान भरने वाली भारत की दूसरी महिला राजनेता बन गईं।

यहां उनलोगों की सूची दी जा रही है, जो भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 लड़ाकू विमान में उड़ान भर चुके हैं।

ए.पी.जे. अब्दुल कलाम : जून 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने सुखोई-30 में उड़ान भरी थी। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय राष्ट्रपति बने थे। प्रसिद्ध वैज्ञानिक कलाम ने अपने सह-पायलट के साथ यह उड़ान भरी थी और बाद में उन्होंने कहा था कि वह इसलिए वैज्ञानिक बने, क्योंकि वह पायलट नहीं बन पाए। वह उस समय 74 वर्ष के थे।

जार्ज फर्नाडीस : जून 2003 में ही तत्कालीन रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीस ने पुणे के लोहेगांव वायुसेना अड्डे से सुखोई-30 में उड़ान भरी थी। वह उस समय 73 वर्ष के थे।

प्रतिभा देवीसिंह पाटील : नवंबर 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटील ने भारतीय वायुसेना के लोहेगांव वायुसेना अड्डे से सुखोई-30 से उड़ान भरी थी। ऐसा करने वाली वह पहली महिला राजनेता थीं।

राव इंद्रजीत सिह : रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अगस्त 2015 में सुखोई-30 से हिंडन वायुसेना अड्डे से उड़ान भरी थी।

राजीव प्रताप रूड़ी : प्रशिक्षित पायलट और भाजपा नेता राजीव प्रताप रूड़ी ने फरवरी 2015 में इस विमान से बेंगलुरू के एयरो इंडिया शो में उड़ान भरी थी।

किरेन रिजिजू : गृह राज्य मंत्री ने मई 2016 में पंजाब के हलवारा वायुसेना अड्डे से इस विमान में उड़ान भरी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493