नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। दिग्गज गायक मोहम्मद रफी के जीवन एवं गीतों पर आधारित द्विभाषी पुस्तक ‘द वल्र्ड ऑफ रफी बनाम रफी की दुनिया’ का यहां एक संगीत समारोह में लोकार्पण किया गया।
‘गोल्डेन ग्रेट्स’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी शख्सियतों ने शिरकत की। समारोह में दिल्ली, मुंबई और अमृतसर के गायकों ने मोहम्मद रफी को संगीतमय श्रद्धांजलि दी।
पुस्तक का लोकार्पण करते हुए फिल्म निर्माता एवं म्यूजिक प्रोमोटर अमरजीत सिंह कोहली ने कहा कि आज तक के इतिहास में मोहम्मद रफी की तरह असीम विविधतापूर्ण गायन क्षमता वाला गायक पैदा ही नहीं हुआ। विविधतापूर्ण गायन क्षमता वाला ऐसा गायक एक सहस्त्राब्दी में कभी कभार ही जन्म लेता है। मोहम्मद रफी आज भी हर गायक के आदर्श और सर्वाधिक पसंदीदा गायक बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को मोहम्मद रफी के योगदान से परिचित कराने में विनोद विप्लव की यह पुस्तक बहुत ही मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि विनोद विप्लव ने करीब दस साल पूर्व मोहम्मद रफी की जीवनी ‘मेरी आवाज सुनो’ लिखी थी।
लेखक विनोद विप्लव ने इस पुस्तक में मोहम्मद रफी की गायन क्षमता तथा उनके महान व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया है।
dharmpath.com dharmpath