रबी फसलों का रकबा पिछले साल की तुलना में घटा

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। रबी फसलों का रकबा इस साल पिछले साल के मुकाबले थोड़ा कम दर्ज किया गया है। कृषि मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कुल 617.79 लाख हेक्टेयर भूमि पर रबी की बुवाई की गई, जो पिछले वर्ष 2016-17 की समान अवधि के रकबे 620.99 लाख हेक्टेयर से 0.52 फीसदी कम है।

प्रमुख रबी फसल गेहूं की बुवाई इस सीजन (2017-18) में 298.67 लाख हेक्टेयर दर्ज की गई है, जो पिछले साल की समान अवधि के बुवाई आंकड़े 311.17 लाख हेक्टेयर से 4.02 फीसदी कम है।

वहीं, रबी सीजन में इस साल धान का रकबा पिछले साल के मुकाबले 39.59 फीसदी की बढ़त के साथ 22.32 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है।

रबी दलहन फसलों की बुवाई में इस साल पिछले साल की अपेक्षा बढ़ोतरी हुई है। दलहनों का कुल रकबा इस साल 163.11 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल के 155.76 लाख हेक्टेयर से 4.72 फीसदी ज्यादा है। चना का रकबा 7.88 फीसदी की बढ़त के साथ 106.23 लाख हेक्टेयर इस सप्ताह दर्ज किया गया है।

मोटे अनाजों का कुल रकबा 54.58 लाख हेक्टेयर है जबकि पिछले साल की समान अवधि में मोटे अनाजों का रकबा 55.99 लाख हेक्टेयर था।

इस साल तिलहन फसलों के प्रति भी किसानों के रुझान में थोड़ी कमी आई है। कुल तिलहनों फसलों का रकबा अब तक 79.11 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 82.08 लाख हेक्टेयर था। तिलहनों के रकबे में 3.61 फीसदी की कमी आई है। प्रमुख रबी तिलहन फसल सरसों का रकबा पिछले साल से पांच फीसदी कम है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक देशभर के किसानों ने इस साल 66.60 लाख हेक्टेयर में सरसों की बुवाई की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493