नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) का मानना है कि भारत में आर्थिक सुधार से सोने की खपत में वृद्धि होगी। डब्ल्यूजीसी के मार्केट इंटेलीजेंस विभाग के डायरेक्टर अलिस्टेयर हेविट ने कहा कि 2018 में भारत में सोने की मांग बढ़ सकती है।
बिजनेस न्यूज चैनल बीटीवीआई को दिए साक्षात्कार में अलिस्टेयर ने कहा कि आर्थिक सुधार की नीतियों से आय में इजाफा होगा, जिसके फलस्वरूप लोगों की आर्थिक दशा में सुधार होगा। उन्होंने कहा, “हमारे आर्थिक विश्लेषण में पाया गया कि भारत में धन में वृद्धि होने से मांग बढ़ती है।”
अलिस्टेयर ने कहा, “दीर्घावधि में इन नीतियों का असर आर्थिक विकास की दरों पर होगा। हमें लगता है कि इससे भारत में सोने की मांग पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।”
उन्होंने कहा कि औद्योगिक उत्पादों में सोने की खपत में इजाफा हो रहा है। मौजूदा दौर में धातु के रूप में सोने का इस्तेमाल स्मार्ट फोन, विद्युत चालित वाहनों और अन्य उभरती हुई प्रौद्योगिकी में हो रहा है और आने वाले वर्षो में सोलर पैनलों में इसकी अहम भूमिका हो सकती है।
dharmpath.com dharmpath