कोलकाता, 21 जनवरी (आईएएनएस)। वयोवृद्ध माकपा नेता एवं पूर्व लोकसभा एवं राज्यसभा सदस्य खगेन दास का यहां रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
त्रिपुरा के पूर्व मंत्री 80 वर्षीय दास के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
दास यहां माकपा केंद्रीय समिति की बैठक में भाग लेने के लिए आए थे। उन्होंने रविवार को त्रिपुरा भवन में सीने में दर्द की शिकायत की।
पार्टी के एक नेता ने कहा, “दर्द उठने के महज दस मिनट के अंदर तड़के 3.35 बजे उनकी मौत हो गई।”
दास शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय केंद्रीय समिति सत्र के वक्ताओं में से एक थे।
उनकी मौत पर दुख व्यक्त करते हुए माकपा ने ‘जनता के लिए कार्य करने वाले इस सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए’ अपने झंडे को आधा झुका दिया है।
उनके पार्थिव शरीर को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला ले जाया जाएगा।
दास 1998 से 2002 तक राज्यसभा के सदस्य थे। वह त्रिपुरा पश्चिम से लोकसभा के लिए चुने गए थे। वह 2004 और 2009 में विजयी रहे थे।
दास त्रिपुरा विधानसभा में मज्लिशपुर निर्वाचन क्षेत्र से दो बार (1978 से 1988) विधायक थे और उन्होंने 1983 से 1988 तक स्वास्थ्य, सांख्यिकी और राजस्व मंत्री का पद संभाला था।
कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई करने वाले दास 1993 से 1998 तक त्रिपुरा के मुख्यमंत्री दशरथ देब के राजनीतिक सचिव रहे थे।
उन्हें 2006 में त्रिपुरा में वाम मोर्चा के संयोजक के रूप में चुना गया और वह मृत्यु तक इस पद पर बने रहे। वह पार्टी के त्रिपुरा राज्य सचिवालय के भी सदस्य थे।
dharmpath.com dharmpath