शिवराज ने ओंकारेश्वर में भीड़ जुटाने को 500 बसें लगाईं : कांग्रेस

भोपाल, 21 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से निकाली जा रही एकात्म यात्रा के तहत ओंकारेश्वर में भीड़ जुटाने के लिए पूरे राज्य से 500 से अधिक बसें लगाई गई हैं। कांग्रेस ने यह आरोप सरकार पर लगाया है। विपक्षी पार्टी का आरोप है कि शिवराज सिंह चौहान बीते 13 वर्षो से लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काकर ही राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते रहे हैं।

प्रदेश में चल रही एकात्म यात्रा के तहत ओंकारेश्वर में सोमवार को आदि शंकराचार्य की अष्टधातु से बनने वाली प्रतिमा के लिए भूमिपूजन भी होने वाला है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा कि शिवराज सरकार ने आदि शंकराचार्य को भी राजनीति का शिकार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एकात्म यात्रा महज एक चुनावी यात्रा है। इस ढोंग का खुलासा इसी बात से हो जाता है कि वर्षो से भारत भूमि पर विद्यमान आदि शंकराचार्य का एकात्म दर्शन शिवराज को एक दशक बाद याद आ रहा है, क्योंकि इसी साल विधानसभा चुनाव है।

उन्होंने कहा कि जो करोड़ों रुपये विकास के लिए खर्च होने थे, एकात्म यात्रा के नाम पर खर्च हो रहे हैं। जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों से ओंकारेश्वर में भीड़ इकट्ठी करने के किए विवश किया जा रहा है। सैकड़ों बसें जिलों से लोगों को लेकर आ रही हैं। इन बसों का खर्च जिला प्रशासन उठा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाओं व शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी, अवैध रेत खनन, बिगड़ी कानून व्यवस्था और घपलों-घोटालों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए एकात्म यात्रा निकाली गई है। सरकार में आदि शंकर के नाम पर राजनीति करने की मंशा साफ दिखती है।

सिंह ने शिवराज से अनुरोध किया है कि वे जनता के सामने साफ -साफ कहें कि चुनावी साल में ही शंकराचार्य क्यों याद आए। वे कहते हैं कि एकात्म दर्शन में दुनिया की सब समस्याओं का समाधान है, तो इस अचूक नुस्खे को भाजपा सरकार ने 2004 से ही क्यों नहीं अपनाया?

उन्होंने कहा, “लोगों की धार्मिक आस्थाओं और भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास सफल नहीं होगा, क्योंकि उनकी सारी चालबाजी अब जनता के सामने जाहिर हो चुकी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493