शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी

शिमला, 23 जनवरी (आईएएनएस)। लंबे इंतजार के बाद, मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी में बर्फबारी हुई। यह जाड़े के मौजूदा मौसम की पहली बर्फबारी है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा देखने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि शिमला और आसपास के इलाकों में बर्फबारी हो रही है और यह शिमला शहर में मौसम की पहली बर्फबारी है।

शिमला के पास के पर्यटन स्थल कुफरी और नरकंडा में भी बर्फबारी हुई है।

बर्फबारी की खबर फैलते ही शिमला में पर्यटकों का तांता लग गया। चंडीगढ़ से अपने दोस्तों के साथ आईं आशिमा खन्ना ने कहा, “यह पहली बार है जब हम बर्फबारी देख रहे हैं। इंद्र देवता की मेहरबानी है।”

शिमला में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री और अधिकतम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां हल्की बर्फबारी हुई। कुफरी और मशोबरा में शिमला की तुलना में अधिक बर्फ पड़ी।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शिमला की पहाड़ियों पर बर्फ एक-दो दिन टिकेगी।

सेब की पैदावार के इलाके जुब्बाल और खारापत्थर में भी बर्फबारी की सूचना मिली है।

अधिकारी ने कहा, “लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और शिमला जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में सामान्य बर्फबारी हुई है।”

मनाली में तापमान शून्य से छह डिग्री नीचे दर्ज किया गया। धर्मशाला का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कांगड़ा जिले की धौलाधर पर्वत श्रृंखला बर्फ की ताजी परत से ढंक गई है।

धर्मशाला, पालमपुर, सोलन, नाहन, बिलासपुर, उना, हमीरपुर और मंडी में बारिश हुई है और सभी जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने राज्य में बुधवार तक बर्फबारी या बारिश का अनुमान जताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493