बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट में जमकर थिरके दिल्लीवासी

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। एशिया के सबसे बड़े बॉलीवुड म्यूजिक फेस्टिवल के रूप में पहचाने जाने वाले गाना बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट की शुरुआत शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुई। इवेंट कैपिटल (लक्ष्या मीडिया ग्रुप की कंपनी) और टीएम टैलेंट मैनेजमेंट द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय संगीत समारोह में पहले दिन दिल्लीवासियों को जमकर थिरकते देखा गया।

पहला दिन शुरू से लेकर अंत तक प्रसिद्ध गायकों और बैंडों के शानदार प्रदर्शन के नाम रहा। फरहान अख्तर, सचिन-जिगर, असीस कौर-मेघना मिश्रा, बॉलीयूथ -दिव्य कुमार, मोहम्मद इरफान और शेफाली अल्वारेस, हरीश मोयाल, शशि सुमन, शुचि स्मितादास का ए.आर. रहमान को समर्पित प्रस्तुति और यूफोरिया, गुरु रंधावा, रफ्तार और आशीष छाबरा की प्रस्तुति ने समां बांध दिया।

असीस कौर और मेघना मिश्रा ने ‘ऐन्ना सोना’, ‘अंबरसरिया’, ‘दिल दियां गल्लां’, ‘नशे सी’ जैसे विभिन्न गीत प्रस्तुत किया। बॉलीयूथ के अंतर्गत दिव्य कुमार, मोहम्मद इरफान और शेफाली अलवारेस ने मैश-अप गीत ‘मोहब्बत बुरी बीमारी’, ‘फितूर’, ‘परेशान’, ‘शेप ऑफ यू’ आदि गीत प्रस्तुत करते हुए सर्द माहौल में गर्मी ला दी।

यूफोरिया के ‘मायनी’, ‘धूम पिचक धूम’, गुरू रंधावा के पंजाबी गीतों ‘हाई रेटेड गबरू’, ‘पटोला’, ‘लाहौर’, रफ्तार के ‘की करिये नचना’, ‘मर गये’ और पैपोन के मोह मोह के धागे, बुलेया, तू जो मिला आदि के उपरान्त फरहान ने ‘दिल चाहता है’, ‘रॉकऑन’ और ‘जिंदा है’ जैसे गाने गाकर दिल्लीवासियों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।

दो दिवसीय इस संगीत महोत्सव में दूसरे दिन विशाल भारद्वाज, बेनी दयाल, शल्माली खोलगड़े, कोहगड़े, अमिताभ भट्टाचार्य, नूरन सिस्टर्स आदि जैसे प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे।

इस मौके पर इवेंट कैपिटल के संस्थापक और निदेशक दीपक चौधरी ने कहा, “बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट का पहला दिन प्रसिद्ध संगीत कलाकारों के शानदार प्रदर्शन के नाम रहा। आज की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी रही और हमें उम्मीद है कि रविवार को भी जबरदस्त समर्थन और सहयोग हमें मिलेगा और सफलता पूर्वक यह महोत्सव संपन्न होगा।”

तारसेम मित्तल (टीएम टैलेंट मैनेजमेंट के संस्थापक) ने कहा कि दिल्ली में हमेशा बेहतरीन दर्शक वर्ग रहा है, खासकर बॉलीवुड संगीत के लिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493