स्वानसी (वेल्स), 31 जनवरी (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के 25वें दौर के रोमांचक मुकाबले में स्वानसी ने उलटफेर करते हुए आर्सनल को 3-1 से हरा दिया।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, इस जीत के साथ ही स्वानसी नवंबर के बाद से पहली बार रेलिगेशन जोन से बाहर आई है और आर्सनल अपने घर से बाहर खेले गए पिछले पाच मैचों एक में भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है।
लिबर्टी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेजबान टीम स्वानसी ने शुरू से ही अच्छा खेल दिखाया। हालांकि, मैच का पहला गोल आर्सनल के डिफेंडर नाचो मोनरियल ने 33वें मिनट में किया जिसके एक मिनट बाद क्लयूकस ने गोल कर मेजबान टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया।
मैच के दूसरे हाफ में स्वानसी अधिक अनुशासित नजर आई। 61वें मिनट में जॉर्डन आयुव ने गोल दाग कर स्वानसी को 2-1 से आगे कर दिया। आर्सनल ने डिफेंस में कई गलतियां कीं और क्लयूकस ने 86वें मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल कर आर्सनल की वापसी के रास्ते बंद कर दिए।
इस जीत के बाद स्वानसी 25 मैचों में 23 अंकों के साथ अंकतालिका में 17वें स्थान पर पहुंच गई है जबकि आर्सनल 25 मैचों में 42 अंकों के साथ छठे पाएदान पर बनी हुई है।
एक अन्य मैच में लिवरपूल ने हडर्सफील्ड टाउन को 3-0 से हराया। लिवरपूल के लिए मैच में एम्रेशॉन (26वें मिनट), रॉबटरे फिरमिनो (45+1 मिनट) और मोहम्मद सलाह (78वें मिनट-पेनल्टी) ने गोल दागे।
इस जीत के बाद लिवरपूल अंकतालिका में 50 अंकों के साथ चौथे और हडर्सफील्ड 24 अंकों के साथ 14वें स्थान पर है।
प्रीमियर लीग के एक अन्य मैच में वेस्ट हैम युनाइटेड ने क्रिस्टल पैलेस से 1-1 से ड्रॉ खेला। दोनों टीमों के लिए क्रिस्टन बेंटेके और मार्क नोबल ने गोल किए।
इस ड्रॉ के बाद वेस्ट हैम अंकतालिका में 27 अंकों के साथ 10वें और क्रिस्टल पैलेस 26 अंकों के साथ 12वें स्थान पर पहुंच गया है।
dharmpath.com dharmpath