भोपाल, 31 जनवरी (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की मध्य प्रदेश इकाई के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने राज्य में निष्पक्ष विधानसभा चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की शाखाओं में जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया से दूर रखने की मांग की है।
जसविंदर सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि नव वर्ष के शुरू में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के प्रदेश में विभिन्न जिलों में हुए कार्यक्रमों में भाजपा के लिए चुनाव जितवाने के लिए नए स्वयंसेवक देने की बात कही।
चुनाव आयोग का मकसद निष्पक्ष चुनाव कराने का है, लेकिन जिन अधिकारियों की निष्ठा पहले से ही आरएसएस के प्रति है उनसे निष्पक्ष चुनाव की आशा नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को चिन्हित करें जो आरएसएस की शाखाओं में जाते हैं उन्हें चुनाव से दूर रखा जाए। इसके साथ ही आरएसएस के राजनीति में हस्तक्षेप करने के कारण आयोग को आरएसएस संगठन से आय के स्रोतों के बारे में जानकारी लेनी चाहिए।
dharmpath.com dharmpath