निर्वाचन क्विज में 13.36 लाख छात्रों ने भाग लिया

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय निर्वाचन क्विज 2018 में देश भर के 38 हजार स्कूलों के 13.36 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया, जिसमें रांची के दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम विजेता बनी।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विजेता डीपीएस रांची की टीम को एनईक्यू 2018 ट्रॉफी प्रदान की। टीम में मधुर जैन और आदित्य कुमार शामिल थे।

यह प्रतियोगिता ढाई महीने से अधिक चली, जिसके फाइनल में दिल्ली, गोवा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, पुदुचेरी की छह स्कूलों की टीमों के बीच मुकाबला हुआ।

विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये नकद का इनाम दिया गया। वहीं दूसरे स्थान वाली टीम को 80 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही टीम को 60 हजार रुपये प्रदान किए गए।

ग्रैंड फिनाले की शेष तीन टीमों को 50-50 हजार रुपये का इनाम प्रदान किया गया। नकद पुरस्कार राशि की आधी रकम संबंधित स्कूल को और शेष रकम टीम के दोनों छात्रों को दी गई।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र कक्षा 9 से 12 में पढ़ने वाले थे। दिल्ली की यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रपति भवन, कुतुब परिसर, निर्वाचन संग्रहालय, लाल किला, गांधी स्मृति, हुमायूं का मकबरा और बिरला मंदिर के शैक्षिक पर्यटन पर भी ले जाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493