खेलो इंडिया स्कूल गेम्स : अनु, पूजा का गोल्डन डबल, निसार सबसे धावक

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड के अनु कुमार और हरियाणा की पूजा ने खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के पहले संस्करण के व्यक्तिगत एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दो-दो स्वर्ण पदक जीत लिए हैं जबकि दिल्ली के निसार अहमद 20 मिनट के अंतराल पर दो बार दौड़ने के बाद भी लड़कों के वर्ग में फर्राटा चैम्पियन बने।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीसरे दिन की स्पर्धाओं में देश भर से आए एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा ने दो-दो स्वर्ण जीते जबकि छह अन्य राज्यों ने एक-एक स्वर्ण पर कब्जा जमाया।

खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जमैका में अपने प्रशिक्षण शिविर को टालने वाले दिल्ली के निसार ने 20 मिनट के अंतराल में दो बार 100 मीटर रेस में हिस्सा लिया। निसार रेस को लेकर इस तरह केंद्रित थे कि फाल्स स्टार्ट के बाद वह रीकॉल व्हीशल को नहीं सुन सके। इस कारण इस रेस को 20 मिनट के लिए टाल दिया गया। यह एथलीटों को आराम देने के लिए किया गया।

फाइनल रेस में कर्नाटक के करण हेगिस्ते फाल्स स्टार्ट के कारण अयोग्य करार दिए गए। निसार ने मुख्य रेस में 10.76 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि कर्नाटक के वीए शशिकांत ने 10.90 सेकेंड के साथ दूसरा और हरियाणा के गोविंद कुमार ने 10.95 सेकेंड के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

निसार को खुद ओलम्पिक रजत पदक विजेता और केद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने पुरस्कार दिया। निसार इससे काफी खुश नजर आए।

शुक्रवार को ही अनु दो स्वर्ण जीतने वाले बालक वर्ग के पहले एथलीट बने। शुक्रवार को अनु ने 800 मीटर में पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले वह 1500 मीटर में स्वर्ण जीत चुके हैं। अनु ने 1.52.08 मिनट समय के साथ इस स्पर्धा में पहला स्थान पाया। उन्होंने अपना 1.53.59 मिनट के रिकार्ड को बेहतर किया। अनु ने फ्रांस में आयोजित वल्र्ज स्कूल गेम्स के दौरान यह समय निकाला था।

गोल्डन डबल हासिल करने वालों में हरियाणा की पूजा भी शामिल हैं। पूजा ने चक्का फेंक में स्वर्ण जीता। इससे पहले वह गोला फेंक में स्वर्ण जीत चुकी हैं। पूजा ने 41.01 मीटर के साथ पहला स्थान पाया जबकि तमिलनाडु की एंसी सुसन ने 40.43 मीटर के साथ रजत और उत्तर प्रदेश की निकिता वर्मा ने 39.27 मीटर के साथ कांस्य जीता।

मकवाना विशाल ने गुजरात को 3000 मीटर में पहला स्वर्ण दिलाया। मकवाना ने 8.48.79 मिनट के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश के संदीप कुमार ने .49.52 मिनट के साथ दूसरा स्थान पाया। उत्तराखंड के सिद्धार्थ फोर ने 8.53.53 मिनट के साथ तीसरा स्थान पाया।

इसी तरह 110 मीटर बाधा दौड़ में ओडिशा के पुंगा सोरेन ने 14.12 सेकेंड के साथ पहला स्थान पाया जबकि झारखंड के आदित्य प्रकाश ने 14.30 सेकेंड के साथ रजत जीता। तमिलनाडु के जी. निशांथराजा ने 14.57 सेकेंड के साथ कांस्य जीता।

लड़कों की चक्का फेंक स्पर्धा में मध्य प्रदेश के इकराम अली खान ने 51.39 मीटर के साथ स्वर्ण हासिल किया जबकि पंजाब के धनवीर सिंह ने 50.64 मीट के साथ दूसरा और कर्नाटक के नागेंद्र नाइक ने 50.01 मीटर के साथ तीसरा स्थान पाया।

जहां तक लड़कों के ऊंची कूद की बात है तो इसमें दिल्ली के शाहनवाज खान ने 2.01 मीटर के साथ बाजी मारी। हरियाणा के मंदीप नैन ने 1.98 मीटर के साथ दूसरा और झारखंड के सूरज कुमार ने 1.90 मीटर के साथ तीसरा स्थान पाया।

लड़कियों के वर्ग में महाराष्ट्र की अवंतिका नाराले ने 100 मीटर रेस जीत ली। अवंतिका ने 12.35 सेकेंड के साथ स्वर्ण जीता। तमिलनाडु आर. गिरिधरनी को रजत मिला जबकि तमिलनाडु की ही एम. सैंट्रा टेरेसा मार्टिन ने कांस्य जीता। गिरिधरनी ने 12.49 सेकेंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। सैंट्रा ने 12.61 सेकेंड में यह रेस पूरी की।

महाराष्ट्र को 800 मीटर दौड़ में भी सोना मिला। ताए बमहाने ने 2.13.37 मिनट के साथ इस स्पर्धा में पहला स्थान पाया। केरल की प्रीस्कला डेनियल ने 2.13.91 मिनट के साथ रजत जीता जबकि केरल की सैंड्रा एएस ने 2.15.92 मिनट के साथ तीसरा स्थान पाया।

लड़कियों के 3000 मीटर स्पर्धा में हिमाचल की सीमा ने बाजी मारी। सीमा ने 10.15.15 मिनट के साथ पहला स्थान पाया। उत्तर प्रदेश की अंतिमा पाल ने 10.18.19 मिनट के साथ दूसरा और उत्तर प्रदेश की ही काजल ने 10.22.56 मिनट के साथ तीसरा स्थान पाया।

इसी तरह 100 मीटर बाधा दौड़ में केरल की अपर्णा रॉय ने स्वर्ण जीता। अपर्णा ने 14.02 सेकेंड के साथ पहला। तमिलनाडु की पीएम तबिथा ने 14.36 सेकेंड के साथ दूसरा और झारखंड की प्रतिभा कुमारी ने 14.54 सेकेंड के साथ तीसरा स्थान पाया।

चक्का फेंक में हरियाणा की पूजा ने 41.01 मीटर के साथ पहला स्थान पाया जबकि तमिलनाडु की ए. जेंसी सुसन ने 40.43 मीटर के साथ दूसरा और उत्तर प्रदेश की निकिता वर्मा ने 39.27 मीटर के साथ तीसरा स्थान पाया।

ऊंची कूद में भी हरियाणा का वर्चस्व रहा। रुबिना यादव ने 1.76 मीटर के साथ पहला स्थान पाया। केरल की गायर्थी सिवा ने 1.65 मीटर के साथ दूसरा और कर्नाटक की एसबी सुप्रिया ने 1.65 मीटर के साथ तीसरा स्थान पाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493