राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में शुक्रवार को आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे सदस्यों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

जैसे ही सुबह सदन की कार्यवाही शुरू हुई, सभापति एम.वेंकैया नायडू ने विधायी कामकाज शुरू किया और सांसदों को शून्यकाल में मुद्दे उठाने को कहा।

आंध्र प्रदेश से सांसद सभापति की आसंदी के समीप आ गए और नारेबाजी करने लगे।

सांसद सी.एम.रमेश सहित गुस्साए सासमदों को ‘हमें न्याय चाहिए’ कहते सुना गया।

नायडू ने सदस्यों से अपनी-अपनी सीटों पर जाने का आग्रह किया लेकिन उनका विरोध जारी रहा।

नायडू ने कहा, “मैं इस तरह सदन का संचालन नहीं कर सकता। मैं शून्यकाल और विरोधों को एक साथ जारी नहीं रख सकता। यह तरीका नहीं है। अपनी-अपनी सीटों पर जाएं। आप सदन की गरिमा कम कर रहे हैं।”

तृणमूल कांग्रेस के सदस्य डेरेक ओब्रायन ने सभापति से शून्यकाल जारी रखने का आग्रह करते हुए कहा कि सदस्य अपने मुद्दों को उठाने का इंतजार कर रहे हैं।

नायडू ने कहा कि वह हंगामे के बीच सदन का संचालन नहीं कर सकते और इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इससे पहले, तेदेपा और वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास नारेबाजी करते हुए आंध्र प्रदेश के लिए न्याय की मांग की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493