ओडिशा : मुख्यमंत्री के सचिव के घर तोड़-फोड़

भुवनेश्वर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निजी सचिव वी.के. पांडियन के घर में जबरदस्ती घुस गए और तोड़-फोड़ की।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी पर सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के लिए काम करने का आरोप लगाकर आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लहराते हुए सचिव के आधिकारिक आवास में घुस गए और गुलदस्ते तोड़ दिए, वहां खड़े कुछ वाहनों में तोड़फोड़ करने के बाद पत्थरबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी आवास पर गोबर भी फेंका।

भाजपा उपाध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा, “पांडियन ‘सुपर मुख्यमंत्री’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं। बीजद के लिए उनका पक्षपातपूर्ण रवैया बर्दाश्त के काबिल नहीं है।”

उन्होंने कहा, “हम ऐसे नौकरशाहों के खिलाफ प्रदर्शन करते रहेंगे, जो राज्य की भलाई के खिलाफ काम करेंगे।”

बीजद के प्रवक्ता प्रताप देब ने घटना की निंदा करते हुए कहा, “यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह भाजपा के शीर्ष नेताओं की मानसिकता दिखाती है। लोकतंत्र में ऐसे प्रदर्शन अस्वीकार्य हैं। पुलिस को घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।”

पुलिस आयुक्त वाय.बी. खुरानिया ने कहा कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इधर भाजपा ने भी राज्य निर्वाचन आयोग के पास जाकर सचिव को हटाने की मांग की और आरोप लगाया कि 24 फरवरी को होने वाले बिजेपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले वह राजनीति में दखल दे रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493