भोपाल, 20 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार की सुबह से मौसम साफ है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
राज्य में मंगलवार की सुबह से ठंड का असर कम रहा, वहीं मौसम साफ होने की वजह से तेज खिली धूप ने चुभन पैदा की। मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं के रुख में जारी बदलाव से ठंड का असर कम हुआ है और तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहेगा और ठंड का असर भी कम होगा।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 15़.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 16.8, ग्वालियर का 10.2 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 31.5 डिग्री, ग्वालियर का 30.3 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा था।
dharmpath.com dharmpath