रोम, 10 मार्च (आईएएनएस)। एएस रोमा क्लब ने इटली सेरी-ए लीग में खेले गए एक मैच में तोरीनो को मात देकर अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।
रोमा ने इस सीजन में अब तक खेले गए 28 मैचों से 56 अंक हासिल किए हैं।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार रात खेले गए इस मैच में रोमा ने तोरीनो को 3-0 से हराया।
इस मैच का पहला हाफ गोल रहित रहा। दूसरे हाफ में रोमा ने अच्छी वापसी कर मैच पर अपना दबदबा बना लिया।
कोस्टास मोनोलास की ओर से 56वें मिनट में किए गए गोल से रोमा ने 1-0 की बढ़त ली।
तोरीनो को गोल का मौका न देते हुए रोमा ने 73वें मिनट में डेनिले डे रोस्सी के गोल के दम पर स्कोर 2-0 किया।
अतिरिक्त समय में लोरेंजो पेलेग्रीनी (93वें मिनट) की ओर से किए गए गोल के दम पर रोमा ने तोरीनो को 3-0 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath