उप्र : फूलपुर, गोरखपुर में मतदान जारी (लीड-1)

लखनऊ, 11 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीटों पर उप चुनाव के लिए रविवार को मतदान जारी है। शुरू में मतदान की गति बेहद धीमी रही। कुछ देर बाद इसने थोड़ी गति पकड़ी।

अपराह्न एक बजे तक गोरखपुर में 30.20 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट से भाजपा के योगी आदित्यनाथ सांसद थे। उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद यह खाली हो गई। योगी इस सीट पर 1998 से सांसद थे।

फूलपुर में अपराह्न एक बजे तक महज 19.20 फीसदी मतदान हुआ। इसका प्रतिनिधित्व केशव प्रसाद मौर्य करते थे। उनके उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सीट रिक्त हो गई।

दोनों संसदीय क्षेत्रों में क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात किए हैं।

चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया और शाम पांच तक होगा।

पूर्वाह्न 11 बजे तक मतदान फीसदी बहुत कम रहा। दोनों संसदीय क्षेत्रों में तब तक औसत मतदान 14.50 फीसदी ही था।

गोरखपुर में पूर्वाह्न 11 बजे तक 16.80 फीसदी वोट पड़े और फूलपुर में 12.20 फीसदी मतदान हुआ।

कुछ जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी होने की खबर सामने आई है।

तकनीकी गड़बड़ी के चलते इलाहाबाद (पूर्व) के किदवई कॉलेज में मतदान कुछ समय तक बाधित रहा।

गोरखपुर सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से उपेंद्र दत्त शुक्ला मैदान में हैं।

यहां आठ लाख से ज्यादा महिला मतदाताओं सहित कुल 19.49 लाख मतदाता हैं।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने गोरखपुर से प्रवीण निषाद को उम्मीदवार बनाया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) ने सपा उम्मीदवार को समर्थन दिया है।

कांग्रेस अपने बूते चुनाव लड़ रही है और उसने डॉक्टर सुरहिता करीम को उम्मीदवार बनाया है।

इलाहाबाद की फूलपुर सीट पर कुल 19.63 लाख मतदाता 22 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

भाजपा ने यहां से कौशलेंद्र सिंह पटेल को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला सपा के नागेंद्र सिंह से है।

बसपा ने यहां भी सपा के उम्मीदवार को समर्थन दिया है।

कांग्रेस की ओर से मनीष मिश्रा यहां चुनाव लड़ रहे हैं।

गोरखपुर में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले मतदान करने वालों में से रहे। जबकि फूलपुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मतदान किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493