पेरिस, 23 मार्च (आईएएनएस)। फ्रांस के दक्षिणी शहर में शुक्रवार को एक बंदूकधारी ने एक सुपरमार्केट में कुछ लोगों को बंधक बना लिया और दो व्यक्ति की हत्या कर दी। अधिकारी इस घटना को आतंकवाद की कार्रवाई मान रहे हैं।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, “‘ट्रेब्स शहर के सुपर यू सुपरमार्केट में सुबह यह घटना हुई जहां हमलावर ने गोलीबारी की।”
फ्रांस के गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने इन मौतों की पुष्टि की है।
रिपोर्ट के अनुसार, बंदूकधारी घटना के दौरान आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के साथ अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहा था। ट्रेब्स के मेयर इरिक मेनासी ने बीएफएम टीवी को बताया कि बंदूकधारी अब एक पुलिस अधिकारी के साथ दुकान के अंदर है अन्य बंधकों को छोड़ दिया गया है।
कहा जा रहा है कि संदिग्ध को कथित रूप से फ्रांस खुफिया सेवा के बारे जानकारी है और वह सलाह अब्दसलेम की रिहाई की मांग कर रहा था। अब्दसलेम को 2015 पेरिस हमले के संदिग्ध के रूप में गिरफ्तार किया गया था। इस हमले में 130 लोगों की मौत हुई थी।
इससे पहले फ्रांस के प्रधानमंत्री एडवर्ड फिलिप ने यहां मीडिया से कहा, “ट्रेब्स शहर में बंधक जैसी स्थिति पैदा हो गई है।”
अधिकारियों ने कहा, “हत्या, हत्या के प्रयास और आतंकवादी इरादे से अपहरण के मामले में जांच शुरू हो गई है।”
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले एक पुलिसकर्मी पर काराकासोने शहर में टहलने के दौरान गोली चलाई गई। हालांकि, वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुए। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हैं कि क्या ये घटना सुपरमार्केट में हुए हमले से जुड़ी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath