दो रूसी राजनयिकों को निष्कासित करेगा ऑस्ट्रेलिया

कैनबरा, 27 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटेन में एक पूर्व रूसी जासूस पर रासायनिक हमले के मामले में रूस के खिलाफ वैश्विक कार्रवाई के हिस्से के तौर पर ऑस्ट्रेलिया दो रूसी राजनयिकों को निष्कासित करेगा।

गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, टर्नबुल व विदेश मंत्री जूली बिशप ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दो रूसी ‘राजनयिकों’ की पहचान अघोषित खुफिया अधिकारियों के तौर पर की गई है और उन्हें सात दिनों के भीतर ऑस्ट्रेलिया छोड़ने का आदेश दिया जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन व अमेरिका सहित 20 से ज्यादा पश्चिमी देशों में शामिल हो गया है जिन्होंने इस मामले में अब तक 100 से अधिक रूसी राजनयिकों को जासूस होने का आरोप लगाते हुए निष्कासित किया है। इन देशों ने यह कदम पूर्व रूसी खुफिया अधिकारी सर्गेई स्क्रिपल व उनकी बेटी यूलिया की सैलिसबरी में 4 मार्च को रासायनिक हमले से हत्या के प्रयास के विरोध में उठाया है।

यह शीत युद्ध के बाद पश्चिम में रूसी खुफिया नेटवर्क के लिए सबसे बड़ा समन्वित कूटनीतिक झटका है।

टर्नबुल व बिशप के संयुक्त बयान में कहा गया, “यह निर्णय हमले की स्तब्ध करने वाली प्रकृति को दिखाता है, यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में रासायनिक हथियारों का यह पहला आक्रामक इस्तेमाल है, जो समाज के अनगिनत लोगों को खतरनाक स्थिति में डालता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493