लंदन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। फैशन डिजाइनर स्टेला मैक्काटर्नी ने ब्रांड केरिंग से नाता तोड़कर स्वतंत्र रूप से अपना व्यवसाय स्थापित करने का मन बनाया है।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, 46 वर्षीय डिजाइनर पिछले 17 सालों से फ्रांस के फैशन समूह केरिंग के साथ साझेदारी में काम करती रही हैं और फिर संयुक्त रूप से स्टेला ने अपना फैशन हाउस लॉन्च किया, लेकिन अब उन्होंने अपने ब्रांड में 50 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है, ताकि वह एक स्वंतत्र व्यवसाय खड़ा कर सकें।
बीटल्स बैंड के संस्थापक पॉल मैक्कॉटर्नी की बेटी स्टेला ने दोनों पक्षों द्वारा आपसी सहयोग को सौहार्द्रपूर्ण तरीके से खत्म करने पर जोर दिया है और कहा है कि वह इस शानदार साझेदारी के लिए हमेशा आभारी रहेंगी।
उन्होंने डब्ल्यूडब्ल्यूडी पत्रिका को बताया, “केरिंग के साथ मेरा एक शानदार रिश्ता है और सबसे पहले पिनॉल्ट परिवार के साथ बेहतरीन रिश्ता है, जिन्हें मैं सबसे अच्छा दोस्त मानती हूं। मैं उन लोगों के बहुत करीब हूं। हमने साथ में एक बेहद सफल व्यवसाय किया, एक शानदार साझेदारी की। हमारे बीच कभी कोई मनमुटाव नहीं हुआ।”
केरिंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्रैंकोइस-हेनरी पिनॉल्ट ने बुधवार को एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की और कहा कि उन लोगों ने साझेदारी में सफलता हासिल की है, उन्हें उस पर गर्व है।
dharmpath.com dharmpath