डब्ल्यूटीए रैंकिंग : मियामी ओपन जीत शीर्ष-10 में शामिल हुईं स्टीफंस

मेड्रिड, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका की टेनिस खिलाड़ी स्लोआने स्टीफंस मियामी ओपन खिताब जीतने के साथ ही सोमवार को जारी महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) रैंकिग में शीर्ष-10 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गईं।

स्टीफंस ने तीन स्थान ऊपर उठते हुए इस रैंकिंग में नौवां स्थान हासिल किया है, वहीं रोमानिया की स्टार खिलाड़ी सिमोना हालेप शीर्ष पर बरकरार हैं।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, स्टीफंस ने शनिवार दोपहर खेले गए महिला एकल वर्ग के फाइनल में लातविया की येलेना ओस्टापेंको को 7-6 (5), 6-1 से मात देकर खिताबी जीत हासिल की।

लातविया की टेनिस खिलाड़ी ओस्टापेंको की रैंकिंग पर इस हार को कोई असर नहीं हुआ है और वह डब्ल्यूटीए रैंकिंग में पांचवें स्थान पर बरकरार हैं।

शीर्ष आठ खिलाड़ियों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालेप के बाद डेनमार्क की कैरोलीना वोज्नियाकी दूसरे, स्पेन की गार्बिने मुगुरुजा तीसरे और यूक्रेन की एलीना स्वितोलीना चौथे स्थान पर बरकरार हैं।

चेक गणराज्य की कैरोलीना प्लिस्कोवा छठे, फ्रांस की कैरोलीना गार्सिया सातवें और अमेरिका की वीनस विलियम आठवें स्थान पर बनी हुई हैं।

चेक गणराज्य की पेट्रा क्वितोवा ने एक स्थान नीचे फिसलते हुए 10वां स्थान हासिल किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493