दुबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खिलाड़ी को गलत तरीके से इशारा करने के चलते पाकिस्तान के लेग स्पिनर शादाब खान पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगा दिया है और साथ ही उनके खाते में एक नकारात्मक अंक भी जोड़ दिया है।
आईसीसी ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि शादाब को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन का दोषी पाया गया। इसके बाद उन पर मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया गयाा और उनके खाते में एक नकारात्मक अंक भी जोड़ दिया गया।
19 साल के युवा लेग स्पिनर शादाब ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले के नौंवे ओवर में विपक्षी टीम के बल्लेबाज चाडविक वाल्टन को आउट करने के बाद उन्हें गलत तरीके से बाहर जाने के लिए इशारा किया था।
शादाब ने आईसीसी के मैच रेफरी डेविड बून द्वारा लगाए गए आरोप का स्वीकार कर लिया है इसलिए अब उनके खिलाफ औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं है।
dharmpath.com dharmpath