यूट्यूब मुख्यालय में गोलीबारी, महिला संदिग्ध की मौत (लीड-3)

सैन ब्रूनो (कैलिफोर्निया), 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में यूट्यूब के मुख्यालय में एक महिला ने हैंडगन से गोलीबारी कर तीन लोगों को घायल कर दिया और खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

अमेरिकी मीडिया में आई रपट के अनुसार, यह घटना सैन ब्रूनो में मंगलवार को हुई। पुलिस विभाग ने महिला हमलावर की पहचान ईरानी मूल की अमेरिकी निवासी नसीम नजफी अघदम (39) के रूप में की है।

पुलिस ने कहा कि गोलीबारी के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि उसने अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स में यूट्यूब की आलोचना की थी।

हिंसा कंपनी के मुख्यालय के बाहर परिसर में करीब 12.45 बजे हुई।

स्थानीय टीवी स्टेशनों पर प्रसारित तस्वीरों में कर्मचारियों ने अपने हाथ उठा रखे हैं। कई यूट्यूब कर्मचारियों ने हमले के बारे में ट्वीट किया। उत्पाद प्रबंधक टोड शेरमन ने कहा कि गोलीबारी की खबर सुनते ही लोगों जल्दबाजी में इमारत से भाग गए।

गोलियों की आवाज सुनते ही कुछ लोग छिप गए थे, जबकि कुछ भागने लगे। कई लोग शुरू में चौंक गए थे।

पुलिस को मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर गोली से घायल एक महिला मिली थी। सैन ब्रूनो पुलिस प्रमुख एड बारबेरिनी ने कहा कि दो घायल महिलाओं ने भागकर एक रेस्तरां में शरण ली। चौथे व्यक्ति को भागने के दौरान घुटने में चोट आई, लेकिन वह गोलीबारी से घायल नहीं हुआ था।

गोलीबारी के बाद महिला हमलावर ने अपनी जान ले ली। वह घटनास्थल पर मृत पाई गई और संभवत: उसने खुद को गोली मारी।

दो कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने ‘सीएनएन’ को बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि हमलावर पीड़ितों में से कम से कम एक को जानती थी।

नसीम यूट्यूब सहित कई सोशल मीडिया मंचों पर सक्रिय थी, जहां उसके अंग्रेजी, फारसी और तुर्की भाषा के चैनल थे। वह इन पर पशु क्रूरता और शाकाहारी खाना पकाने जैसे विषयों पर वीडियो डालती थी।

फरवरी 2017 में उसने फेसबुक पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने यूट्यूब द्वारा उठाए गए कदम की आलोचना की थी, क्योंकि यूट्यूब के कदम से उसके वीडियो पर व्यूज की संख्या घट गई थी। नसीम के पिता ने सीबीएस के एक संवाददाता से कहा कि उनकी बेटी कई दिनों से लापता थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी थी कि वह यूट्यूब से नाराज थी।

गोलीबारी के बाद यूट्यूब ने हमलावर के अकाउंट बंद कर दिए हैं और उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक खाते भी हटा दिए हैं।

यूट्यूब के प्रवक्ता क्रिस डेल ने इस घटना पर त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया की प्रशंसा की और कहा, “इस हमले के पीड़ित लोगों के लिए हमारी संवेदनाएं हैं।”

ट्विटर ने कहा कि यह भयावह था।

वहीं, गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा कि वह कंपनी के अंदर और बाहर समर्थन देने के लिए सभी के आभारी हैं।

उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि आप में से बहुत अभी सदमे में हैं। आने वाले दिनों में हम अपने परिवार के सभी लोगों को इस अकल्पनीय त्रासदी से बाहर निकालने के लिए सहायता प्रदान करना जारी रखेंगे।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना के बाद कहा, “कैलिफोर्निया के सैन ब्रूनो में यूट्यूब मुख्यालय में गोलीबारी की घटना के सभी पीड़ितों के लिए हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं। सबसे पहले प्रतिक्रिया करने वाले व कानून प्रवर्तन अधिकारियों का शुक्रिया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493