सुपर कप : शिलांग से हारकर पुणे बाहर

भुवनेश्वर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। आई-लीग क्लब शिलांग लाजोंग ने सुपर कप के प्री-क्वार्टरफाइनल के रोमांचक मुकाबले में दो गोलों से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए एफसी पुणे सिटी को 3-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

कलिंगा स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले में शिलांग लाजोंग के कप्तान सैमुएल लामुआनपूनिया ने दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम (92वें मिनट) में पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

बारिश से बाधित इस मैच की शुरुआत दोनों टीमों ने सकारात्मक रूप से की, लेकिन मैदान गीला होने के कारण खिलाड़ियों को गेंद पर नियंत्रण बनाने में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मैच के 17वें मिनट में पुणे को फ्री-किक मिली जिसपर मिडफील्डर जोनाथन लुका ने शानदार गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

एक गोल की बढ़त बनाने के बाद पुणे सिटी की टीम का आत्मविश्वास बढ़ा और टीम ने शिलांग लाजोंग के डिफेंस को भेदना शुरू कर दिया। इसका परिणाम पुणे को 23वें मिनट में मिला और कप्तान मार्सेलिन्हो ने गोल दागकर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

शिलांग लाजोंग के लिए पहला गोल अब्दुलये कोफी ने किया। कोफी ने मैच के 29वें मिनट में कप्तान लामुआनपूनिया द्वारा दिए गए शानदार पास को गोलपोस्ट में डाल लाजोंग को मैच में बनाए रखा।

पहले हाफ की तरह दूसरे हाफ में भी गोवा ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन वह शिलांग के गोलकीपर निधिन लाल को भेदने में कामयाब नहीं हो पाए।

गोल करने के आसान मौके गंवाने को खामियाजा पुणे को 62वें मिनट में उठाना पड़ा। राकेश प्रधान ने शिलांग लाजोंग के लिए बराबरी का गोल किया।

इसके बाद, दोनों टीमों के बीच गोल करने की जद्दोजहद और तेज हो गई। दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम में पुणे ने मैच की सबसे बड़ी गलती करते हुए शिलांग को पेनाल्टी का तोहफा दे दिया जिसके गोल में बदलने में शिलांग के कप्तान लामुआनपूनिया ने कोई गलती नहीं की और यह शिलांग के लिए विजयी गोल साबित हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493