गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 5 अप्रैल (आईएएनएस)। लंदन ओलम्पिक खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और आस्ट्रेलिया की दिग्गज एथलीट सैली पियरसन को मेजबान देश की ओर से ट्रैक पर दौड़ते हुए नहीं देखा जाएगा।
100 मीटर बाधा दौड़ की मौजूदा विजेता पियरसन चोटिल होने के कारण 21वें राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गई हैं।
आस्ट्रेलिया की 31 वर्षीया एथलीट इस कारण 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक की हैट्रिक लगाने से भी रह गईं। उन्होंने 2010 में दिल्ली और 2014 में ग्लास्गो में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों के 19वें और 20वें संस्करण की 100 मीटर बाधा रेस स्पर्धा में सोना जीता था।
वेबसाइट ‘नाइन डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, पियरसन ने एक बयान में कहा, “मैं इस बात की घोषणा करना चाहती हूं कि मैं चोटिल होने के कारण इन राष्ट्रमंडल खेलों में 100 मीटर बाधा रेस और चार गुणा 100 मीटर रिले रेस से अपना नाम वापस ले रही हूं। इस चोट का दर्द पिछले कुछ समय में काफी बढ़ गया है।”
पियरसन ने कहा, “यह मेरा फैसला है। निश्चित तौर पर मैं काफी निराश हूं, लेकिन यहां आस्ट्रेलियाई एथलेटिक्स टीम और आस्ट्रेलियाई टीम का समर्थन कर काफी खुश हूं।”
अपने करियर में पियरसन ने 2011 और 2017 विश्व चैम्पियनशिप में 100 मीटर बाधा रेस में स्वर्ण पदक जीते। 2012 लंदन ओलम्पिक में उन्होंने इसी स्पर्धा का सोना अपने नाम किया था। इसके अलावा, 2008 बीजिंग ओलम्पिक में वह रजत जीती थीं।
dharmpath.com dharmpath