यूट्यूब शूटर ने हमले से पहले अभ्यास किया था : पुलिस

सैन फ्रांसिस्को, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पुलिस ने कहा है कि कैलिफोर्निया में यूट्यूब मुख्यालय पर गोली चलाने वाली महिला ने हमले से कुछ घंटों पहले ही शूटिंग रेंज में शूटिंग का अभ्यास किया था। महिला ने यूट्यूब पर अपने पोस्ट किए गए वीडियो के साथ पक्षपात का आरोप लगाया था।

ईरानी मूल की कैलिफोर्निया निवासी 39 वर्षीय नसीम नजाफी अघदाम ने मंगलवार को सैन ब्रूनो में यूट्यूब कार्यालय के प्रांगण में गोली चलाई थी।

सीएनएन ने सैन ब्रूनो पुलिस प्रमुख एड बारबर्नी के हवाले से बुधवार को कहा कि अभ्यास करने के बाद, अघदाम ने अपनी 9एमएम स्मिथ एंड वीस्सोन हैंडगन ली और सिलिकन वैली परिसर जा पहुंची और तीन अनजान लोगों को गोली मार दी।

बारबर्नी ने कहा, “हम जानते हैं कि वह यूट्यूब से नाराज थी और अब हमें उसके मकसद के कारणों का पता चल चुका है।”

अघदाम ने आत्महत्या से पहले गोली मारकर तीन लोगों को घायल कर दिया था। घटना में घायल दो लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

सीएनएन की खबर के मुताबिक, पुलिस एक वेबसाइट की जांच कर रही है जिसमें वही महिला यूट्यूब पर उसके वीडियो को प्रतिबंधित करने का आरोप लगाती हुई दिख रही है।

यूट्यूब ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा है कि कंपनी अपने सभी कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493