आईपीएल-11: कैलिस को कुरेन से बड़ी भूमिका की उम्मीद

कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज आलराउंडर और दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के मुख्य कोच जैक कैलिस को तेज गेंदबाज टॉम कुरेन से आईपीएल-11 में बड़ी भूमिका की उम्मीद है।

कोलकाता ने सरे के तेज गेंदबाज कुरेन को चोटिल तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की जगह लीग के 11वें संस्करण के लिए टीम में शामिल किया है।

कैलिस ने शुक्रवार को संवाददाताओं कहा, “दुर्भाग्यवश स्टार्क चोटिल हो गए। हमने कुरेन को उनकी जगह टीम में शामिल किया है और अब स्टार्क की अनुपस्थिति में हम उनसे एक बड़ी भूमिका की उम्मीद कर रहे हैं।”

23 साल के कुरेन ने जनवरी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ वनडे में अपने करियर में पहली बार पांच विकेट हासिल किया था।

कोलकाता की टीम टूर्नामेंट में रविवार को ईडन गार्डन्स में रायल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

दो बार की चैंपियन कोलकाता ने पिछली बार बेंगलोर को 82 रन से पीटा था जब उसने 131 पर आलआउट होने के बावजूद बेंगलोर को 49 रन पर ढेर कर दिया था। 49 रन किसी भी टीम द्वारा बनाया गया आईपीएल इतिहास का न्यूनतम स्कोर है।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें फिर से ऐसी ही जीत की उम्मीद है, कैलिस ने कहा, “उम्मीद है कि हमें दोबारा ऐसी ही जीत नसीब होगी। “

दिग्गज आलराउंडर ने अपने नए कप्तान दिनेश कार्तिक के बल्लेबाजी क्रम को लेकर कहा,” हमने अभी तक इसके लिए कोई रणनीति नहीं बनाई है। हम विभिन्न परिस्थितियों में विभिन्न रणनीतियों के साथ मैदान पर उतरेंगे। लेकिन, इस समय यही है कि वह मध्यक्रम में ही उतरेंगे।”

यह पूछे जाने पर कि बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली को लेकर उनके पास क्या योजना है, उन्होंने कहा,” हमारे पास केवल एक बल्लेबाज के लिए नहीं बल्कि सभी बल्लेबाजों के लिए योजना है। केवल एक बल्लेबाज से ही टीम नहीं बनती है। आपको सभी बल्लेबाजों को आउट करना होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493