नई दिल्ली, 3 अक्टूबर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑल इंडिया रेडियो पर अपने संबोधन में शुक्रवार को जनता से प्रेरक घटनाओं को साझा करने की अपील की, जिसका जिक्र वह नियमित रूप से रेडियो पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे लोगों के रोचक सुझाव मिले हैं। यह देश हर किसी का है, लोगों से जुड़ना आवश्यक है। किसी ने सुझाव दिया है कि कुटीर उद्योग पर जोर देना चाहिए, किसी और ने पांचवीं कक्षा के बाद परीक्षा आयोजित कराने के सुझाव दिए हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं लोगों से सबूत के साथ वास्तविक प्रेरक घटनाओं को मुझसे साझा करने की अपील करता हूं। मैं उसे देश के साथ साझा करूंगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर हर व्यक्ति एक कदम साथ बढ़ाएगा तो देश सवा सौ करोड़ कदम आगे बढ़ जाएगा।
मोदी ने कहा, “यह मेरी पहली शुरुआत है। मैं इसी तरह अपनी बात आप लोगों से साझा करता रहूंगा। जो विचार मेरे सामने आएंगे, आपके साथ साझा करूंगा।”
उन्होंने कहा, “अगर कोई देश को लेकर अपने विचार व सुझाव मुझसे साझा करना चाहता है, वे ऐसा करें। मुझे आप लोगों से बात कर आनंद मिलता है।”
dharmpath.com dharmpath