छग के बच्चों को मिलेगी डेढ़ महीने की ‘गर्मी छुट्टी’

रायपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के लाखों स्कूली बच्चों के लिए इस बार गर्मियों में एक मई से 16 जून तक यानी डेढ़ महीने की पूरी छुट्टी देने की घोषणा की है।

उन्होंने रविवार सवेरे आकाशवाणी के रायपुर केंद्र से प्रसारित मासिक रेडियोवार्ता ‘रमन के गोठ’ में बच्चों और उनके अभिभावकों के नाम अपने संदेश में कहा, “मैं आपको यह खुशखबरी देता हूं कि इस बार गर्मी की छुट्टी पूरे डेढ़ माह की मिलेगी।”

उन्होंने सभी लोगों से गर्मी के मौसम में आसपास के पेड़-पौधों को पानी देने और पशु पक्षियों के लिए भी पानी रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने बच्चों और उनके अभिभावकों से गर्मियों में प्यासे पंछियों की प्यास बुझाने के लिए घरों के आंगन में या पेड़ों पर सकोरे में पानी रखने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “अगर आप कभी रायपुर मेरे निवास में आएंगे तो देखेंगे कि परिसर के वृक्षों में लगाए गए सकोरों में सैकड़ों पक्षी पानी पी रहे हैं। उन्हें इस प्रकार पानी पिलाकर आपको भी खुशी होगी।”

मुख्यमंत्री ने इस बार स्कूलों में डेढ़ महीने की गर्मी की छुट्टी देने के राज्य सरकार के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले एक अप्रैल से ही नई कक्षा की पढ़ाई शुरू करनी पड़ती थी। बीच में छुट्टी मिलती थी और 16 जून से फिर स्कूल खुलते थे। भारी गर्मी के बीच आपको स्कूल जाना पड़ता था, जिसमें कई परेशानियां होती थीं, लेकिन अब इस समस्या का हल निकालते हुए यह निर्णय लिया गया है कि एक मई से 16 जून तक यानी डेढ़ माह तक पूरी छुट्टी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “बच्चे गर्मी की इन छुट्टियों का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं। अपनी दादी-नानी, बुआ-मौसी, मामी और अन्य रिश्तेदारों के गांव, घर या अन्य जगह घूमने जा सकते हैं। अपनी हॉबी के अनुरूप कुछ नया सीख सकते हैं, जैसे खेल, संगीत, नाटक या कोई सृजनात्मक कला। इस तरह मनोरंजन के साथ-साथ उनके समय का सदुपयोग भी होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493