जम्मू, 3 अक्टूबर – पाकिस्तान की सेना ने शुक्रवार को एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी कारण के भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है।
रक्षा प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने यहां आईएएनएस से कहा, “पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के सुरजन इलाके में नियंत्रण रेखा पर हमारी चौकियों पर छोटे और स्वचलित हथियारों से 2 बजे दिन में गोलीबारी की।”
उन्होंने कहा, “हमारे जवानों ने भी उसी क्षमता के हथियारों से माकूल जवाब दिया। दोनों तरफ से 3:50 बजे तक गोलीबारी चलती रही। अभी तक हमारे पक्ष को किसी तरह के हताहत होने की जानकारी नहीं है।”
पाकिस्तान ने इसी इलाके में नियंत्रण रेखा पर गुरुवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिससे छह नागरिक घायल हो गए थे और छह घरों को नुकसान पहुंचा।
लंबी खामोशी के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने 1 अक्टूबर को पुंछ जिले में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।
dharmpath.com dharmpath