गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला निशानेबाजों मेहुली घोष और अपूर्वी चंदेला ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में सोमवार को पांचवें दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रजत और कांस्य पदक हासिल किया।
मेहुली इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार थीं, लेकिन सिंगापुर की मार्टिना लिंडसे ने उन्हें शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस मौके पर वेबसाइट ‘ईएसपीएनडॉट कॉम’ को दिए एक बयान में मेहुली के कोच और 2012 लंदन ओलम्पिक खेलों में पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन में चौथा स्थान हासिल करने वाले जॉयदीप करमाकर ने कहा, “मैं निश्चित होकर यह कह सकता हूं कि मैंने अपने अब तक के जीवन में मेहुली जैसी प्रतिभाशाली निशानेबाज नहीं देखी। वह सबसे अलग इसलिए हैं, क्योंकि वह सीखने में बहुत तेज हैं और उसे बखूबी अपने में ढालती हैं। वह जानती हैं कि बुरी स्थिति में पहुंचकर उससे बाहर कैसे निकलना है।”
इस स्पर्धा के फाइनल में मेहुली और मार्टिना का स्कोर 247.2 बराबर था, लेकिन शूट-ऑफ में मेहुली ने 9.9 का निशाना लगाया, वहीं मार्टिना ने 10.3 का निशाना लगाकर सोना जीता।
भारतीय निशानेबाज मेहुली को रजत पदक मिला। मार्टिना और मेहुली दोनों ने कुल स्कोर में बराबरी करने के साथ ही इस स्पर्धा का राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
इस स्पर्धा की मौजूदा विजेता रहीं अपूर्वी ने 225.3 स्कोर कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
इससे पहले, क्वालिफाइंग दौर में चंदेला ने पहला जबकि मेहुली ने पांचवां स्थान हासिल करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
चंदेला ने कुल 423.2 का स्कोर किया जो राष्ट्रमंडल खेलों का रिकार्ड भी है। उन्होंने पहले राउंड में 105.7, दूसरे में 105.2, तीसरे में 106.1 और आखिरी राउंड में 106.2 का स्कोर किया।
मेहुली ने कुल 413.7 का स्कोर किया। उन्होंने पहले राउंड में 104.3, दूसरे में 103.7, तीसरे में 102.2 और चौथे में 103.5 का स्कोर किया।
भारत की 17 वर्षीया निशानेबाज मेहुली ने इस साल मेक्सिको में हुए आईएसएसएफ विश्व कप टूर्नामेंट में इसी स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया था।
dharmpath.com dharmpath