राष्ट्रमंडल खेल (टेटे) : भारतीय पुरुष टीम ने जीता स्वर्ण पदक

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के पाचवें दिन सोमवार को नाइजीरिया को हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। ओक्सेनफोर्ड स्टूडियोज में खेल गए फाइनल में भारत ने नाइजीरिया को 3-0 से मात दी।

फाइनल का पहला मैच एकल वर्ग का था जहां अनुभवी खिलाड़ी अचंता शरथ कमल ने पहला गेम 4-11 से हारने के बाद वापसी करते हुए बोडे अमियोडून को अगले तीन गेम में 11-5, 11-4 और 11-9 से हराकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

दूसरे एकल मुकाबले में भारत के साथियान गणासेकरन को भी पहले गेम में 10-12 से हार का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने भी मैच में शानदार वापसी की और अगले तीन गेम में 11-3, 11-3, 11-4 से जीत दर्ज कर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।

इसके बाद, तीसरा मैच युगल वर्ग का था जिसमें हरमीत देसाई और साथियान गणासेकरन ने नाइजीरिया की ओलाजीडे ओमोटायो और बोडे अमियोडून की जोड़ी को 11-8, 11-5, 11-3 से हरा दिया।

भारत का यह 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में नौवां स्वर्ण पदक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493