बंद के दौरान मारे गए लोगों को 50 लाख रुपये मुआवजा दे सरकार : सावित्रीबाई

लखनऊ, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद सावित्रीबाई फुले ने बुधवार को अपनी ही सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य सरकार भारत बंद के दौरान मारे गए लोगों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दे।

लखनऊ प्रेस क्लब में भाजपा सांसद सावित्रीबाई फुले ने पत्रकारों से कहा कि जो लोग भारत बंद के दौरान मारे गए हैं, सरकार उन्हें 50-50 लाख रुपये मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे।

सांसद सावित्रीबाई ने कहा कि पहले एससी-एसटी कानून मजबूत था, और लोग दलितों पर अत्याचार करने से डरते थे, लेकिन अब सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से दलितों पर अत्याचार बढ़ जाएगा।

सांसद ने कहा, “संविधान के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। दलित समाज किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं करेगा। इसलिए सरकार को देशहित के लिए काम करना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि “बेकसूर लोगों को पुलिस जेल में डालकर उनका जीवन बर्बाद कर रही है। भारत बंद के दौरान पुलिस ने भी गाड़ियां तोड़ी हैं, इसलिए पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार अपराध पर अंकुश नहीं लगा पा रही है, इसीलिए अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।”

उन्होंने भारत बंद के दौरान जिन लोगों केखिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लेने और दो अप्रैल को बहुजन स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाने की मांग की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493