दिवंगत हेमचंद यादव के अंतिम संस्कार में गुरुवार को सुबह शामिल होने मुख्यमंत्री दुर्ग जाएंगे। वहां पर मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे पहुंचकर अंत्येष्टि में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल भी शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार में दो बार मंत्री रहे हेमचंद यादव के निधन से राज्य बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। पहले उनका राजधानी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। तबीयत में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें दिल्ली शिफ्ट किया गया था। जानकारी के मुताबिक यादव को एम्स के आईसीयू वार्ड में रखा गया था। पेट संबंधित इन्फेक्शन होने की वजह से स्थिति चिंताजनक बनीं हुई थी। केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे सहित बीजेपी के कार्यकर्ता उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए थे।
उनके निधन की खबर से बीजेपी में शोक की लहर है। छत्तीसगढ़ के मंत्री और पार्टी पदाधिकारी दिल्ली रवाना हो गए हैं। वे दुर्ग शहर से पिछला चुनाव हार गए थे, लेकिन वहां से दो बार विधायक और मंत्री रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री हेमचंद यादव के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यादव सार्वजनिक जीवन में रहते हुए तथा एक मंत्री के रूप में लंबे समय तक जनता की सेवा की। वे मेरे निकट सहयोगी थे। उनका आकस्मिक निधन हम सबके लिए गहरा आघात है। डॉ. सिंह ने यादव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की है।
dharmpath.com dharmpath