जयपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की पहल पर केन्द्र सरकार ने राज्य के किसानों को एक बड़ी राहत दी है। केन्द्र सरकार ने रबी की फसल के लिए प्रति किसान फसल खरीद की सीमा 25 क्विंटल प्रतिदिन से बढ़ाकर 40 क्विंटल कर दी है।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने इस विषय में एक पत्र जारी किया है कि समर्थन मूल्य पर खरीद योजना के तहत अब राजस्थान के किसान प्रतिदिन 40 क्विंटल फसल बेच सकेंगे।
गत दिनों किसानों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में आग्रह किया था। उस समय राजे ने किसानों को भरोसा दिलाया था कि वह केन्द्र सरकार से खरीद सीमा बढ़वाएंगी। फिर मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय से बात की। उसके बाद केन्द्र ने राजस्थान के लिए खरीद सीमा में संशोधन कर रबी सीजन 2018 के लिए इसे 25 क्विंटल से बढ़ाकर 40 क्विंटल प्रति किसान प्रतिदिन कर दिया है।
dharmpath.com dharmpath