नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। महिंद्रा एक्सिलेंस इन थिएटर अवार्डस (मेटा) फेस्टिवल 2018 शुक्रवार से दिल्ली में शुरू हो रहा है। सप्ताह भर चलने वाले इस महोत्सव में जूरी सदस्यों के साथ-साथ थियेटर प्रेमियों के लिए 330 नाटकों में से चयनित 10 नाटकों का मंचन होगा।
इस बार के 10 चयनित नामांकनों में असमी, बंगाली, कन्नड़, मलयालम और मणिपुरी नाटकों के साथ एक मूक अभिनय की प्रस्तुति शामिल है।
13वें संस्करण के लिए जूरी में प्रसिद्ध थिएटर निर्देशक और राष्ट्रीय स्कूल ऑफ ड्रामा के पूर्व अध्यक्ष अमल आल्लाना, लोकप्रिय फिल्म व थिएटर अभिनेत्री और थिएटर निर्देशक लिलेट दुबे, पंजाब विश्वविद्यालय में थिएटर की प्रोफेसर नीलम मान सिंह चौधरी, फिल्म निर्माता व अभिनेता, लेखक और थिएटर निर्देशक रजत कपूर समेत थिएटेर जगत की कई प्रसिद्ध हस्तियां शामिल हैं।
10 नाटकों के मंचन के बाद भारतीय थिएटर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए 19 अप्रैल को आयोजित होने वाले रेड-कार्पेट अवार्ड नाइट में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस बार भारतीय फिल्म और थियेटर के निर्देशक व रंगायन थिएटर समूह के संस्थापक सदस्य और 1960 के दशक की एक प्रमुख प्रयोगात्मक मराठी नाटककार विजया मेहता को मेटा 2018 लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया जाएगा।
टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक और महोत्सव के आयोजक संजय के. रॉय ने कहा, “मेटा भारतीय रंगमंच की कलात्मक विविधता का उत्सव है और हर साल हम बेहतरीन प्रतिभा को अवसर प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं।”
इस वर्ष मेटा में 330 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थी, जिसकी समीक्षा एक प्रतिष्ठित चयन समिति द्वारा की गई थी।
13वां मेटा थिएटर फेस्टिवल नई दिल्ली के श्री राम सेंटर में रात 8 बजे से शुरू होगा।
dharmpath.com dharmpath