लोगों में आयुर्वेद पर भरोसा बढ़ा है : रमन सिंह (फोटो सहित)

रायपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि दुनिया में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इस चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ आयुर्वेदिक औषधियों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयुर्वेदिक औषधियों के व्यापार में 15 से 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जा रही है। लोगों में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वसनीयता बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित राष्ट्रीय आयुर्वेद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का आयोजन छत्तीसगढ़ आयुर्वेद चिकित्सक महासंघ द्वारा किया गया।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा राजधानी के शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय को राष्ट्रीय संस्थान के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को लेकर बने इस सकारात्मक वातावरण में हमें प्रमाणिकता के साथ आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को स्थापित करने की जरूरत है।

इस क्षेत्र में प्रमाणिकता के साथ अनुसंधान कार्यों को बढ़ावा देना होगा। मुख्यमंत्री ने अपने चीन, जापान और कोरिया के प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि इन देशों में उन्हें आयुर्वेदिक औषधियों की फार्मेसी देखने का अवसर मिला, जहां आधुनिकतम वैज्ञानिक तकनीक का उपयोग कर अनुसंधान कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को लोकप्रिय बनाने में बाबा रामदेव के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रयासों से बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सामने चुनौती प्रस्तुत की है। आज बाबा रामदेव के ‘पतंजलि’ की औषधियों का व्यापार लगभग पांच हजार करोड़ रुपये का हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत संविदा आयुर्वेदिक चिकित्सकों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। उन्हें नहीं निकाला जाएगा। प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में जहां चिकित्सक जाना नहीं चाहते, वहां 17 वर्षों से संविदा आयुर्वेदिक चिकित्सक समर्पण के साथ लोगों की सेवा कर रहे हैं। उनके लिए राज्य सरकार बेहतर से बेहतर रास्ता निकालेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस सम्मेलन में आकर मुझे प्रसन्नता हो रही है, ऐसा लग रहा है कि मैं अपने परिवार के बीच आया हूं। रायपुर के शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में अध्ययन करते हुए मैंने जो कुछ भी सीखा वह जीवन भर काम आ रहा है।”

मुख्यमंत्री ने पिछले 14 वर्षों में प्रदेश में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब देश के विकसित राज्य के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493